उत्तराखण्ड

काशीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से 10वीं के छात्र की मौत, दो साथी गंभीर घायल

रुद्रपुर: ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आईटीआई थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार टैंकर ने छात्रों को टक्कर मार दी। घटना के बाद पुलिस ने टैंकर और चालक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

 

मृतक की पहचान शिवम कुमार (15) के रूप में हुई है, जो राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। शिवम अपने परिवार में पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल वासु और अक्षय आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं। वासु उदय राजेंद्र इंटर कॉलेज, काशीपुर का छात्र है। उसने उस दिन स्कूल से अवकाश लिया था और अपने दोनों साथियों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तेज गति से आ रहे टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वासु और अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

 

घटना की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और उसके चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 

काशीपुर के क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस ने वाहन और चालक को कब्जे में ले लिया है। हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button