उत्तराखंड में 3 सितंबर तक बारिश का अलर्ट, इन जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी

उत्तराखंड मौसम अपडेट: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बिगड़ा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 29 अगस्त से 3 सितंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के चलते भूस्खलन और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा भी बना हुआ है।
29 अगस्त को रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में गरज के साथ तेज बौछारें पड़ने और आकाशीय बिजली चमकने का खतरा रहेगा। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
30 अगस्त को देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट है। देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। तेज बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
1 सितंबर को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। इसके अलावा पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और हरिद्वार में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 2 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। 3 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, हालांकि इस दिन भारी बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है।
मौसम विभाग ने 31 अगस्त और 1 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और टिहरी में अत्यधिक बारिश की स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भारी बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।




