उत्तराखण्ड

500 CCTV कैमरों ने खोला 34 लाख की चोरी का राज, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के बाजपुर में हुई करीब 34 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मैनुअल सर्विलांस और लगातार सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया गया है।

 

पुलिस के मुताबिक, बाजपुर निवासी ओमकार वर्मा ने 9 जुलाई को कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनकी ‘ओम ज्वैलर्स’ नाम से आभूषणों की दुकान में चोरी हुई है। 8 जुलाई की रात अज्ञात चोर दुकान का शटर और ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर (NVR) और टीवी चोरी कर ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

 

घटना के खुलासे के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा मैनुअल सर्विलांस, पतारसी और सुरागरसी के जरिए संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। पुलिस को मिले अहम सुरागों के आधार पर 19/20 जुलाई 2026 की रात किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को घटना में इस्तेमाल किए गए ऑटो समेत गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात से पहले उन्होंने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए थे। इसके बाद शटर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) एवं 3(5) की भी बढ़ोतरी की गई है।

 

बरामद सामान:

 

82.74 ग्राम सोने के आभूषण

 

10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण

 

39,500 रुपये नकद

 

चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो

 

 

गिरफ्तार आरोपी:

 

आजम पुत्र शकील अहमद, निवासी आदर्श नगर वार्ड-38, थाना काशीपुर, हाल निवासी नरपत नगर, रामपुर (उत्तर प्रदेश)

 

इस्लाम पुत्र सफी अहमद, निवासी नरपत नगर, रामपुर (उत्तर प्रदेश)

 

करमरूद्दीन पुत्र सफी अहमद, निवासी नरपत नगर, रामपुर (उत्तर प्रदेश)

 

 

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी आजम के खिलाफ वर्ष 2016 और 2017 में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2018 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।

 

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में चोरी, लूट और संगठित अपराध में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी विश्लेषण, सर्विलांस और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से प्रत्येक घटना का सफल खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button