इंडेन और भारत गैस के 25,878 उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक, जल्द कराएं ई-केवाईसी

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में घरेलू गैस कनेक्शनों की ई-केवाईसी नहीं कराने वाले 25,878 उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को अब ई-केवाईसी कराने के बाद ही गैस सिलिंडर मिल सकेगा। जिले में इंडेन और भारत गैस के उपभोक्ताओं के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
जानकारी के अनुसार, जिले में इंडेन के करीब 1,98,788 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। इनमें से 19,878 उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। वहीं, भारत गैस के करीब 40 हजार घरेलू उपभोक्ताओं में से छह हजार की ई-केवाईसी लंबित है। इस तरह दोनों कंपनियों के कुल 25,878 उपभोक्ताओं की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।
यह व्यवस्था 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलिंडर के कनेक्शन पर लागू है। जिन उपभोक्ताओं का आधार कार्ड गैस कनेक्शन से लिंक है, वे सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले वाहन चालक के माध्यम से भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। वहीं, जिन उपभोक्ताओं का आधार कार्ड कनेक्शन से लिंक नहीं है, उन्हें संबंधित गैस एजेंसी में जाकर समस्या का समाधान कराना होगा।
केएमवीएन के गैस प्रबंधक रवि मेहरा के अनुसार, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलिंडर के उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी पूरी करने के बाद ही सिलिंडर दिया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय रहते ई-केवाईसी कराने की अपील की है।
वहीं, भारत गैस एजेंसी के अनुसार, घरेलू कनेक्शन वाले करीब छह हजार उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। इन उपभोक्ताओं को प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा।




