उत्तराखण्ड

उपराष्ट्रपति ने जताया शोक, आज देंगे श्रद्धांजलि: पूर्व सीएम बीसी खंडूड़ी का निधन

देहरादून। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी (मेजर जनरल, सेवानिवृत्त) के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में उनका योगदान मील का पत्थर रहा है और उनके निधन से राष्ट्र ने एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक तथा असाधारण सत्यनिष्ठा वाले राजनेता को खो दिया है।

आज बसंत विहार स्थित आवास पर देंगे श्रद्धांजलि

सूत्रों के अनुसार, उपराष्ट्रपति बुधवार को देहरादून स्थित बसंत विहार में खंडूड़ी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उल्लेखनीय है कि 17 जनवरी को देहरादून दौरे के दौरान भी उपराष्ट्रपति ने उनके घर जाकर मुलाकात की थी और लोकसभा में पूर्व सहकर्मी के रूप में अपने संबंधों को याद किया था।

हल्के दिल के दौरे से हुआ निधन

पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेनि.) का मंगलवार सुबह 11:10 बजे 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले 49 दिनों से एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उन्हें एक अप्रैल को भर्ती कराया गया था। जांच में आंतों में रक्तस्राव की पुष्टि हुई थी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था।

मंगलवार सुबह उन्हें हल्का कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और बार-बार अस्पताल में भर्ती होते रहे थे। अप्रैल में भर्ती होने के बाद उनकी हालत में सुधार नहीं हो पाया।

तीन दिन का राजकीय शोक, स्कूल बंद

राज्य सरकार ने उनके निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और शासकीय कार्यक्रमों में सादगी बरती जाएगी।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी स्कूल आज बंद रहेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है और विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों व आमजन ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button