उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में बारिश से 78 सड़कें बंद, कई नदियां खतरे के निशान के करीब; आज भारी बारिश का अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते बारिश का दौर जारी है। रविवार को प्रदेश में दो राज्यमार्ग समेत कुल 78 मार्गों पर आवाजाही बंद रही। सड़कों के बंद होने से कई इलाकों में लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।

अल्मोड़ा में दो, बागेश्वर में आठ, चमोली में 10 और देहरादून में 12 मार्ग बंद रहे। वहीं नैनीताल में आठ, पौड़ी में तीन, पिथौरागढ़ में 19, रुद्रप्रयाग में छह, टिहरी में सात और उत्तरकाशी में तीन मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा।

लगातार बारिश के कारण प्रदेश की प्रमुख नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा और कई जगह यह खतरे के निशान के करीब पहुंच गया। उत्तरकाशी में दोपहर दो बजे भागीरथी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब दर्ज किया गया। चमोली में शाम तीन बजे अलकनंदा, नंदाकिनी और पिंडर नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया।

रुद्रप्रयाग में शाम चार बजे अलकनंदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 2.68 मीटर और मंदाकिनी का 2.25 मीटर नीचे रहा। वहीं हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 2.15 मीटर नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल के कुछ क्षेत्रों में गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश से राहत के आसार कम हैं। पांच सितंबर तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क बंद होने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button