हल्द्वानी में MBA छात्र की संदिग्ध मौत, गेहूं के ड्रम में फंदे से लटका मिला शव

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 22 वर्षीय MBA छात्र ने अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव घर के अंदर गेहूं से भरे नीले रंग के ड्रम में लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
परिवार से विवाद के बाद कमरे में गया था छात्र
पुलिस के अनुसार, गिरिजा विहार फेस-6, कमलुवागांजा मुखानी निवासी दिनेश माहरा एक कॉलेज से MBA द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार रात उसका परिवार के एक सदस्य के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह सामान्य रूप से खाना खाकर रात करीब 9 बजे अपने कमरे में चला गया।
सुबह मां ने देखा भयावह मंजर
मंगलवार सुबह जब दिनेश काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला, तो उसकी मां कुसुम उसे देखने पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने कमरे के अंदर झांका, तो उनके होश उड़ गए। सीढ़ी के ऊपर बने रैक पर रखे नीले रंग के ड्रम में रस्सी के सहारे दिनेश का शव लटका हुआ था।
परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फांसी से पहले नस काटने की कोशिश की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक के एक हाथ पर कट के दो निशान मिले हैं। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि छात्र ने आत्महत्या से पहले अपनी नस काटने का प्रयास भी किया होगा। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी।
मोबाइल फोन जब्त, जांच जारी
घटनास्थल से पुलिस को दिनेश का मोबाइल फोन मिला है, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले उसने किसी से बात की थी या कोई संदेश छोड़ा था।
असम राइफल्स में तैनात हैं पिता
मृतक के पिता असम राइफल्स में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात हैं। दिनेश अपने परिवार में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई पीलीभीत में नौकरी करता है। इस घटना के बाद परिवार में गहरा शोक और सदमे का माहौल है।
सभी पहलुओं से जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मामले में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।




