उत्तराखण्ड

देहरादून में ट्रिपल मर्डर का खुलासा, प्लंबर राजकुमार गिरफ्तार; 600 रुपये बने हत्या की वजह

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में हुए ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में राजकुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्लंबर है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम कर रहा था। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह 600 रुपये की मजदूरी को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को बुजुर्ग दंपती ने राजकुमार को प्लंबिंग के काम के लिए अपने घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद आरोपी ने अपनी मजदूरी के 600 रुपये मांगे, जबकि दंपती उसे 300 रुपये देने की बात कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विवाद के दौरान दंपती ने उसे गालियां दीं, जिससे वह गुस्से में आ गया। आरोप है कि इसके बाद उसने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। दंपती की आवाज सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर बुजुर्ग दंपती और महिला लहूलुहान हालत में अचेत मिले। तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 75 वर्षीय रजनी कपूर, 80 वर्षीय रमेश कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में घरेलू काम करती थीं।

पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है। आरोपी को स्थानीय लोगों ने घटना के बाद मौके पर ही पकड़ लिया था, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में आरोपी को बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाते हुए देखा गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजकुमार मूल रूप से बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के बांदा का रहने वाला है। वर्तमान में वह देहरादून के इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास रह रहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button