उत्तराखण्डधार्मिकहरिद्वार

उत्तराखंड में गंगा-शारदा कॉरिडोर को रफ्तार, ऋषिकेश-हरिद्वार समेत टनकपुर में बनेंगे भव्य रिवर फ्रंट

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार राज्य में धार्मिक और पर्यटन ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगा-शारदा कॉरिडोर परियोजना को सरकार की प्राथमिकता बताया है। इस परियोजना के तहत ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ ही चंपावत जिले के टनकपुर में शारदा नदी किनारे तीन भव्य रिवर फ्रंट विकसित किए जाएंगे।

हरिद्वार दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं के लिए बजट में प्रावधान किया जा चुका है और अब इनके निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगा कॉरिडोर के तहत ऋषिकेश और हरिद्वार में आधुनिक सुविधाओं से लैस रिवर फ्रंट विकसित किए जाएंगे, जबकि तनकपुर में शारदा कॉरिडोर के तहत इसी तरह का विकास किया जाएगा।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का मानना है कि इन रिवर फ्रंट के विकसित होने से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। गंगा और शारदा नदी के किनारे आधुनिक सुविधाएं, बेहतर आवागमन, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक व्यवस्थाएं तैयार की जाएंगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

कुंभ 2027 की तैयारियां तेज

मुख्यमंत्री ने बताया कि कुंभ मेला 2027 से जुड़े सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए स्पष्ट टाइमलाइन तय की गई है। शासन स्तर पर समन्वय बढ़ाने के लिए मुख्य सचिव के साथ भी चर्चा की गई है। जहां भी बाधाएं आ रही हैं, उन्हें दूर कर कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि 2027 का कुंभ मेला भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजित हो। इसके लिए संत समाज और सामाजिक-धार्मिक संगठनों से लगातार संवाद किया जा रहा है।

मिशन मोड में काम करने के निर्देश

सीएम धामी ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग से जुड़े स्थायी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए कार्यों के क्रियान्वयन की स्पष्ट रणनीति बनाई जाए, ताकि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो सकें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button