देहरादून में युवती की मौत की गुत्थी बरकरार, पोस्टमार्टम से नहीं हुआ खुलासा

देहरादून। देहरादून के रायपुर क्षेत्र में चूनाभट्टा के पास रिस्पना नदी किनारे खंडहर से मिले शिवानी अरोड़ा के शव के मामले में अब भी रहस्य बरकरार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हिस्टोपैथोलॉजी और विसरा सैंपल सुरक्षित रखे गए हैं। इन सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पोस्टमार्टम में यह भी सामने आया है कि मृतका के चेहरे पर जो चोट के निशान मिले हैं, वे मृत्यु के बाद के हो सकते हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी जानवर ने चेहरे को नोचने की कोशिश की होगी।
चुनभट्टा के पास मिला था शव
गौरतलब है कि सोमवार को चूनाभट्टा के पास रिस्पना नदी किनारे एक खंडहरनुमा मकान से लगभग 26 वर्षीय शिवानी अरोड़ा का शव बरामद हुआ था। वह रायपुर के अधोईवाला स्थित पंचपुरी सूरज बस्ती की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब चार वर्ष पहले गाजियाबाद में हुई थी और उसका एक दो साल का बच्चा भी है।
नशा मुक्ति केंद्र भेजने की थी तैयारी
परिजनों के अनुसार शिवानी लंबे समय से नशे की लत से जूझ रही थी और पहले भी तीन बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो चुकी थी। हाल ही में नशामुक्ति केंद्र से लौटने के बाद वह दोबारा नशा करने लगी थी, जिसके चलते उसे हरिद्वार स्थित केंद्र भेजने की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच वह पिछले तीन-चार दिनों से घर से लापता थी।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें शिवानी 13 मार्च को एक व्यक्ति के साथ घूमती हुई नजर आई। शक के आधार पर पुलिस ने उस व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आया कि वह व्यक्ति शिवानी के मोहल्ले का ही रहने वाला है। उसने बताया कि 13 मार्च को शिवानी ने उससे 500 रुपये लिए थे और कहा था कि उसकी बहन गूगल पे के माध्यम से पैसे भेज देगी। बाद में पुलिस ने शिवानी की बहन से पूछताछ की, जिसने इस बात की पुष्टि की कि उसने उक्त व्यक्ति को 500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे।




