सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में ट्रैफिक प्लान लागू, 13 से 15 जून तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड के चलते हरिद्वार में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 13 से 15 जून तक विस्तृत ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विभिन्न मार्गों और पार्किंग व्यवस्था को निर्धारित किया गया है।
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से हरिद्वार आने वाले वाहन नारसन, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होकर शहर में प्रवेश करेंगे। इन वाहनों के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतदीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है। यातायात दबाव बढ़ने पर इन्हें नगलाइमरती से डायवर्ट कर लक्सर, फेरूपुर होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।
मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौक मार्ग से हरिद्वार पहुंचेंगे, जबकि बड़े वाहनों के लिए नीलधारा-गोरीशंकर पार्किंग निर्धारित की गई है। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले वाहनों को नेपाली फार्म, रायवाला मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा और उनके लिए लालजीवाला, पंतदीप और चमगादड़ टापू पार्किंग तय की गई है।
वापसी के दौरान मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहन देहरादून, ऋषिकेश, नेपाली फार्म, रायवाला और चंडी चौक होते हुए एनएच-344 से जाएंगे। नजीबाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को चंडी चौक और श्यामपुर मार्ग से निकाला जाएगा। दबाव बढ़ने पर चीला मार्ग केवल शहर से बाहर जाने वाले वाहनों के लिए उपयोग किया जाएगा।
एसएसपी के अनुसार 13 जून सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक और 14 जून स्नान पर्व समाप्ति तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। 15 जून को भी बड़े वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।
इसी बीच शुक्रवार को सर्विस लेन पर बस खड़े होने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसमें एक एंबुलेंस करीब 20 मिनट तक फंसी रही। इससे आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हुईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।




