उत्तराखण्ड

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर चमोली के कर्मचारी-शिक्षक होंगे लामबंद, 13 सितंबर को सीएम आवास कूच की तैयारी

चमोली: राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NMOPS) चमोली की जिला कार्यकारिणी की बैठक गौचर में आयोजित हुई। बैठक में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 13 सितंबर को एनएमओपीएस के बैनर तले प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। संगठन ने बड़ी संख्या में कर्मचारी और शिक्षकों को कार्यक्रम में शामिल करने का लक्ष्य तय किया है।

एनएमओपीएस के जिलाध्यक्ष मोहन सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि चमोली जिले के सभी विकासखंडों से करीब एक हजार कर्मचारी-शिक्षक मुख्यमंत्री आवास कूच में शामिल होंगे। प्रत्येक विकासखंड को करीब 100 कर्मचारी-शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया है। संगठन का कहना है कि व्यापक भागीदारी से पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन को मजबूती मिलेगी।

बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह नेगी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के लिए सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि उनके सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य की गारंटी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की।

एनएमओपीएस जिलाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी कर्मचारी एकजुट होकर इस निर्णायक आंदोलन को व्यापक रूप दें।

जिला मंत्री सुरेंद्र भगत ने कहा कि यह संघर्ष किसी एक विभाग या कर्मचारी का नहीं, बल्कि सभी कर्मचारियों का साझा आंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड से व्यापक भागीदारी ही आंदोलन को नई दिशा और ताकत दे सकती है।

बैठक में कर्मचारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उनका आरोप है कि सरकार उनकी मांग पर गंभीरता से विचार नहीं कर रही है, जिसके चलते कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।

बैठक के दौरान संगठन की आगामी रणनीति, जनसंपर्क अभियान और सभी विकासखंडों में अधिक से अधिक कर्मचारी-शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान महिपाल सिंह चौहान, दिनेश बधानी, नरेंद्र कुंवर, राजेंद्र चंद्र कंसवाल, भोला दत्त सिरस्वाल, गजेंद्र बिष्ट, शिव दर्शन सिंह नेगी, पानू चौहान, अल्का शाह, सुनील राज, संजय बिष्ट, लक्ष्मी कंडारी समेत कई कर्मचारी-शिक्षक नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button