उत्तराखण्डदेहरादून

देहरादून में SSC परीक्षा नकल गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार, 18 मई की GD परीक्षा से पहले सेंटर सील

देहरादून: 13 फरवरी को आयोजित एसएससी परीक्षा में नकल कराने वाले संगठित गिरोह के एक और सदस्य को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी ने परीक्षा केंद्र में सर्वर रूम, परीक्षा लैब और अंडरग्राउंड चैंबर तैयार कर हाईटेक तरीके से नकल कराने की व्यवस्था की थी। इससे पहले इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में गठित दो टीमों ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ईश्वरी प्रसाद उर्फ इंद्रजीत शर्मा (निवासी दिल्ली) को नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से दो इंटरनेट राउटर भी बरामद हुए, जिन्हें वह परीक्षा लैब में स्थापित कर रहा था।

हाईटेक नेटवर्क से कराई जा रही थी नकल

14 फरवरी को कोतवाली नगर में दर्ज मुकदमे के बाद जांच एसटीएफ को सौंप दी गई थी। जांच में सामने आया कि 13 फरवरी को महादेवी कन्या पाठशाला में आयोजित मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ और हवलदार ऑनलाइन परीक्षा के दौरान आरोपी ने पूरा नेटवर्क तैयार किया था।

आरोपी ने सर्वर रूम से इंटरनेट केबल का अलग कनेक्शन बनाकर उसे यूपीएस रूम के नीचे बने गुप्त चैंबर तक पहुंचाया, जिससे बाहर बैठे साल्वर कुछ कंप्यूटर सिस्टम का रिमोट एक्सेस लेकर प्रश्नपत्र हल कर सकें।

दिल्ली से सीखा नेटवर्किंग का काम

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दिल्ली में अलग-अलग दुकानों पर इलेक्ट्रिकल और नेटवर्किंग का काम सीखा। वह स्कूलों, कॉलेजों और दुकानों में नेटवर्किंग सेटअप का ठेका लेता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात योगेश उर्फ योगी उर्फ जैक से हुई। इस नेटवर्क में पहले गिरफ्तार किए जा चुके नितिश कुमार और दीपक (रोहतक, हरियाणा निवासी) भी शामिल थे।

जांच में महादेव डिजिटल जोन की लैब का भी जिक्र आया है, जहां अक्टूबर 2024 में पूरा सेटअप तैयार किया गया था।

बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से बरामद सामग्री:

1 लैपटॉप

4 मोबाइल फोन

14 मिनी ब्लूटूथ/रिसीवर डिवाइस

20 बैटरियां

2 इंटरनेट राउटर

फर्जी आईडी कार्ड

18 मई की SSC GD परीक्षा से पहले केंद्र सील

एसटीएफ के अनुसार 18 मई को आयोजित होने वाली Staff Selection Commission (SSC) की कांस्टेबल जीडी ऑनलाइन परीक्षा में नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी भी परीक्षा केंद्र निर्धारित था। सर्वर से छेड़छाड़ और सुचिता भंग होने की आशंका के चलते केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।

इस संबंध में क्षेत्रीय निदेशक, एसएससी दिल्ली को भी सूचित कर दिया गया है। एसटीएफ के मुताबिक जांच में कुछ अन्य स्थानों के सर्वर भी संभावित रूप से ‘कम्प्रोमाइज’ पाए गए हैं।

पहले भी दर्ज हुआ था मामला

नवंबर 2025 में आयोजित एसएससी टियर-1 मल्टी टास्किंग और क्लेरिकल स्टाफ परीक्षा में नकल के मामले में भी कोतवाली देहरादून में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस प्रकरण में आरोपी फरार चल रहा था, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसटीएफ का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button