Crime Newsउत्तराखण्ड

सहस्रधारा क्रॉसिंग से सॉफ्टवेयर इंजीनियर का अपहरण, लूट के बाद पुल से नदी में फेंका

देहरादून। राजधानी में देर रात एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ अपहरण, लूट और जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। स्कूटर सवार दो बदमाशों ने आईटी पार्क से लौट रहे युवक को सहस्रधारा क्रॉसिंग से अगवा कर जामुनवाला स्थित पुल से नीचे नदी में फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल युवक रातभर पत्थरों के बीच पड़ा रहा। सुबह राहगीरों की नजर पड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार लक्ष्मणचौक कांवली रोड निवासी आकाश कुमार (23) सहस्रधारा रोड स्थित आईटी पार्क में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। गुरुवार रात करीब सवा दो बजे वह सहस्रधारा क्रॉसिंग के पास घर जाने के लिए ऑनलाइन बाइक बुक कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटर सवार दो युवक वहां पहुंचे और मोबाइल खोने का बहाना बनाकर मदद मांगी। जब आकाश ने फोन दिया तो कॉल नहीं लगी। इसके बाद बदमाशों ने फोन नेशविला रोड पर गिरने की बात कहकर दबाव बनाया और विरोध करने पर जबरन स्कूटर पर बैठा लिया।

बदमाश आकाश को घंटाघर, बिंदाल पुल और गढ़ी कैंट होते हुए जामुनवाला ले गए। पुल पर ले जाकर उन्होंने युवक से मारपीट की, बैग, दो मोबाइल और पर्स में रखे 700 रुपये लूट लिए। इसके बाद उसे पुल से नीचे नदी में फेंक दिया। आरोप है कि बदमाशों ने ऊपर से पत्थर भी मारे ताकि वह बच न सके।

रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, रातभर दर्द से तड़पता रहा युवक

पुल से गिरने के कारण आकाश की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। गंभीर दर्द के बावजूद वह पत्थरों के बीच घिसटकर ऐसी जगह पहुंचा जहां सुबह किसी की नजर पड़ सके। सुबह एक पंडित की नजर उस पर पड़ी, जिसने पास के सैन्य क्षेत्र से जवानों को बुलाया। सेना के जवानों ने युवक को बाहर निकालकर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से उसे दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार जारी है।

पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल

बदमाश सहस्रधारा क्रॉसिंग से युवक को अगवा कर रायपुर, डालनवाला, शहर कोतवाली और कैंट थाना क्षेत्रों से होते हुए प्रेमनगर तक पहुंचे। करीब 10 किलोमीटर के रूट पर पुलिस पिकेट और रात्रि गश्त के बावजूद घटना को अंजाम दिया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पीड़ित के पिता विनोद कुमार ने बताया कि जब वह केस दर्ज कराने प्रेमनगर थाने पहुंचे तो पुलिस ने घटना की शुरुआत सहस्रधारा क्षेत्र से होने का हवाला देकर उन्हें रायपुर थाने भेज दिया। बाद में एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रेमनगर में तहरीर प्राप्त कर जांच शुरू कर दी गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button