उत्तराखण्ड

रामनगर रिसॉर्ट में देह व्यापार का खुलासा, 10 महिलाएं मुक्त, 51 आरोपी गिरफ्तार

रामनगर: नैनीताल पुलिस ने जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में चल रहे कथित हाई-प्रोफाइल देह व्यापार और अश्लील पार्टी का भंडाफोड़ किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है और 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को सुरक्षित मुक्त कराया गया है। कार्रवाई के बाद प्रशासन ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है।

 

गोपनीय सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम ने 4 जुलाई को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर रिसॉर्ट में छापा मारा। पुलिस के अनुसार, मौके पर बड़ी संख्या में लोग कथित रूप से देह व्यापार, शराब पार्टी, महिलाओं से अश्लील डांस करवाने और उन पर नोट उड़ाने जैसी गतिविधियों में शामिल मिले।

 

रिसॉर्ट दो दिन के लिए किया गया था बुक

 

प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी उमेन्द्र कुमार ने बताया कि उसने अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के लिए पार्टी आयोजित की थी। जांच में सामने आया कि रिसॉर्ट को दो दिनों के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था। पुलिस के अनुसार महिलाओं की व्यवस्था कथित तौर पर प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से कराई गई थी।

 

रजिस्टर में नहीं दर्ज किए गए मेहमानों के नाम

 

जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट प्रबंधन ने होटल स्टाफ को निर्देश दिए थे कि पार्टी में शामिल लोगों और महिलाओं का विवरण विजिटर रजिस्टर में दर्ज न किया जाए, ताकि गतिविधियों का कोई रिकॉर्ड न रहे। मामले में रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी की भूमिका भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

 

भारी मात्रा में सामान बरामद

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से शराब और बीयर की बड़ी खेप, साउंड सिस्टम, लैपटॉप, मोबाइल फोन, कथित आपत्तिजनक सामग्री तथा नोट उड़ाने के लिए इस्तेमाल की गई 10 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद की हैं। जब्त किए गए मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।

 

कई धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पुलिस टीम को मिला पुरस्कार

 

इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अभियान में शामिल पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

 

पुलिस की अपील

 

नैनीताल पुलिस ने कहा है कि मानव तस्करी, देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button