उत्तराखण्ड

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियां तेज, कांग्रेस ने बनाया कंट्रोल रूम

देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उनके दो दिवसीय दौरे की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा स्वयं देहरादून पहुंचकर तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रही हैं।

 

राहुल गांधी के 4 और 5 जून को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को देखते हुए कांग्रेस ने देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इस कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को सौंपी गई है, जो राहुल गांधी के गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र के सभी कार्यक्रमों पर नजर रखेंगे और समन्वय का कार्य करेंगे।

 

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में स्थापित यह कंट्रोल रूम राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली, पूर्व सैनिक सम्मेलन और जनसंवाद कार्यक्रमों की गतिविधियों की निगरानी करेगा। पार्टी की ओर से कंट्रोल रूम प्रभारी और सदस्यों की नियुक्ति भी कर दी गई है, ताकि कार्यक्रमों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।

 

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा पौड़ी जिले के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले पूर्व सैनिक सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। वहीं देहरादून में विभिन्न जनसंवाद कार्यक्रमों के जरिए आम लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कंट्रोल रूम से जुड़े सभी पदाधिकारियों और नेताओं को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने के लिए संगठन का हर कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेगा।

 

उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा उत्तराखंड के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और राज्य की जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। उनका यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा।

 

कुमारी शैलजा ने दावा किया कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेगा। कांग्रेस पार्टी इसे आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मान रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button