राहुल गांधी के छात्र संवाद से पहले सीएम धामी का युवा अग्निवीरों से संवाद, पेपर लीक और रोजगार पर कही बड़ी बातें

देहरादून: राजधानी देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्रों के साथ प्रस्तावित संवाद कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने रोजगार, अग्निवीर योजना, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और राज्य के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी सरकार का पक्ष रखा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह उन्हें और अधिक काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और उत्तराखंड भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य की प्रगति के लिए विकास के साथ स्थिरता और सुशासन आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में भी कई भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। मुख्यमंत्री का दावा था कि उनकी सरकार ने ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए हैं और अब प्रदेश में युवाओं को बिना किसी सिफारिश या भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।
अग्निवीर योजना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अग्निवीरों के भविष्य को लेकर गंभीर है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में अग्निवीरों के लिए एक स्पेशल सेल स्थापित किया जाएगा, ताकि सेवा पूरी करने के बाद उन्हें रोजगार और अन्य अवसर उपलब्ध कराने में सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं सैन्य परिवार से आते हैं और सैनिकों तथा उनके परिवारों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी है। साथ ही सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और नवाचार के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य युवाओं के हाथों में है और राज्य सरकार उन्हें प्रदेश के विकास का सबसे मजबूत आधार मानते हुए आगे भी हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री धामी पहले भी घोषणा कर चुके हैं कि सेवा अवधि पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य सरकार विभिन्न विभागों में प्राथमिकता देने और उनके समायोजन के लिए विशेष व्यवस्था करेगी।




