उत्तराखण्ड

रक्षाबंधन पर डाक विभाग का खास तोहफा, 500 रुपये में मिल रहा प्रीमियम राखी गिफ्ट बॉक्स

हल्द्वानी। भाई-बहन के स्नेह और अटूट रिश्ते के पर्व रक्षाबंधन को खास बनाने के लिए डाक विभाग ने इस बार नया प्रयोग किया है। दूर-दराज रहने वाले भाइयों तक राखी के साथ पूजा सामग्री और अन्य उपहार भेजने के लिए प्रीमियम राखी गिफ्ट बॉक्स उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधान डाकघर हल्द्वानी में इन गिफ्ट बॉक्स को ग्राहकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।

उत्तराखंड परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय की ओर से इस वर्ष रक्षाबंधन के लिए प्रधान डाकघर हल्द्वानी को विशेष गिफ्ट बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं। ‘अनमोल तोहफा, अनमोल रिश्ते के लिए’ संदेश के साथ तैयार किए गए इस बॉक्स की कीमत 500 रुपये रखी गई है।

गिफ्ट बॉक्स में दो आकर्षक राखियों के साथ पारंपरिक अक्षत-कुमकुम, बैज, फ्रिज मैग्नेट, पिक्चर पोस्टकार्ड और की-रिंग जैसी चीजें शामिल हैं। इससे बहनों को राखी के साथ पूजा और उपहार की सामग्री अलग-अलग खरीदकर भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

प्रधान डाकघर में राखियों को सुरक्षित तरीके से भेजने के लिए 12 रुपये के विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है।

पोस्टमास्टर चंदन बिष्ट के अनुसार, इस वर्ष राखियों के पार्सल की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। डाक विभाग के माध्यम से रोजाना करीब 700 से 800 राखियां भेजी जा रही हैं। वहीं, तीन दिन पहले उपलब्ध कराए गए प्रीमियम राखी गिफ्ट बॉक्स में से अब तक आठ बॉक्स की बिक्री हो चुकी है और इनकी मांग भी बढ़ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button