उत्तराखण्ड

‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कैफे फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित स्वास्तिक कैफे के बाहर हुई फायरिंग की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग की वारदात डेढ़ लाख रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते अंजाम दी गई थी।

 

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को सन्नी चौधरी निवासी रामनगर मकदूमपुर, झबरेड़ा (हरिद्वार) ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर देकर बताया था कि स्वास्तिक कैफे, दून मेडिकल कॉलेज के पास शुभम और युवराज ने उस पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर किया। शिकायत के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में बीएनएस की धारा 109(1) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।

 

लगातार प्रयासों के बाद 21 जुलाई को पुलिस ने मुख्य आरोपी शुभम पंवार को चंद्रबनी चौक से चंद्रबनी की ओर जाने वाली सड़क से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और वादी का करीब डेढ़ लाख रुपये का लेनदेन था। दोनों पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन पैसों के विवाद के कारण उनके संबंध खराब हो गए थे। आरोपी के अनुसार वह कई बार विवाद सुलझाने की कोशिश कर चुका था, लेकिन वादी उससे मिलने से बच रहा था।

 

घटना वाली रात आरोपी को जानकारी मिली कि वादी उसके एक दोस्त के पीजी हॉस्टल के पास मौजूद है। इसके बाद वह वहां पहुंचा और बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने अपने पास पहले से मौजूद पिस्टल से वादी पर फायर कर दिया। हालांकि आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के कारण गोली वादी को नहीं लगी और आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम पंवार पुत्र रविंद्र पंवार, निवासी ग्राम डेलना, थाना झबरेड़ा, जिला हरिद्वार, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, मामले में फरार दूसरे नामजद आरोपी की तलाश भी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button