उत्तराखण्डहरिद्वार

राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर समीक्षा बैठक, हरिद्वार में जलभराव रोकने और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

हरिद्वार : राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जनपद में डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, तहसील एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

मानसून से पहले समन्वित तैयारी के निर्देश

जिलाधिकारी ने आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, पंचायतीराज, खंड विकास अधिकारियों, शिक्षा विभाग एवं बाल विकास विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर डेंगू रोकथाम के लिए व्यापक अभियान चलाने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति न बनने दी जाए। नालियों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई और विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर डेंगू के लार्वा पनपने की संभावनाओं को समाप्त किया जाए।

जनपद में डेंगू से किसी की मृत्यु न हो”

जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सा अधिकारी और जिला मलेरिया अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में डेंगू से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं होनी चाहिए। इसके लिए:

डेंगू जांच की पर्याप्त व्यवस्था

मरीजों के लिए समुचित वार्ड

ब्लड बैंक में प्लेटलेट्स की पर्याप्त उपलब्धता

आवश्यक दवाओं का अग्रिम भंडारण

समय रहते सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

स्कूलों के माध्यम से जागरूकता अभियान

मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए कि विद्यालयों के माध्यम से अभिभावकों और छात्रों को डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए। बच्चों को पूर्ण आस्तीन के कपड़े पहनाकर स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया जाए और स्कूलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

आमजन से अपील

जिलाधिकारी ने नागरिकों से भी अपील की कि वे सप्ताह में कम से कम एक घंटा अपने घर और आसपास की सफाई के लिए दें, ताकि कहीं भी पानी का ठहराव न हो और डेंगू के मच्छरों के पनपने की संभावना समाप्त हो सके।

बैठक में रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, जिला मलेरिया अधिकारी चंद्रमोहन कँसवाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर तलियांन, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button