उत्तराखण्डदेहरादून

दून मेडिकल कॉलेज में मेस फर्जीवाड़े पर हंगामा, छात्र परेशान; पैनेसिया अस्पताल सील

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में लाखों रुपये के मेस फर्जीवाड़े को लेकर शुक्रवार को डॉक्टरों और मेस संचालक के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद बढ़ने के बाद मेस संचालन बंद कर दिया गया, जिससे छात्र-छात्राओं को दोपहर और रात का भोजन बाहर करना पड़ा। वहीं हीट वेव का हवाला देते हुए कॉलेज प्रशासन ने 25 मई से 3 जून तक छुट्टियों की घोषणा कर दी है।

जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों ने एक कर्मचारी द्वारा खाने के नाम पर 30 हजार रुपये लेने पर कड़ी आपत्ति जताई। छात्रों की मांग थी कि मेस मैनेजर के माध्यम से वसूले गए रुपये वापस किए जाएं। दूसरी ओर मेस संचालक का कहना था कि उसका पिछले छह महीने का भुगतान कॉलेज प्रशासन की ओर से लंबित है और बिना भुगतान के मेस संचालन संभव नहीं है।

मेस संचालक ने कहा कि वह मैनेजर के खिलाफ पहले ही तहरीर दे चुका है और यदि भुगतान नहीं हुआ तो वह अदालत का रुख करेगा। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।

इस बीच कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने हीट वेव का हवाला देते हुए 25 मई से 3 जून तक अवकाश घोषित कर दिया। इस दौरान होने वाले टर्म एग्जाम भी रद्द कर दिए गए हैं। प्राचार्य ने जांच समिति को जल्द रिपोर्ट सौंपने और मेस के नए टेंडर की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

पैनेसिया अस्पताल सील, पंजीकरण भी निरस्त

वहीं दूसरी ओर पैनेसिया अस्पताल में आग लगने और एक महिला मरीज की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को मजिस्ट्रेटी जांच के तहत प्रशासनिक टीम ने अस्पताल का निरीक्षण कर उसे सील कर दिया। अस्पताल परिसर में पांच स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का अस्थायी पंजीकरण भी निरस्त कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, 20 मई को अस्पताल में एसी फटने के बाद भीषण आग लग गई थी, जिसमें महिला मरीज वीरवती की मौत हो गई थी जबकि 10 लोग घायल हो गए थे।

मृतक महिला के बेटे ने अस्पताल में अग्निसुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इसी के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज की। एसडीएम अपूर्वा सिंह और सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम अस्पताल पहुंची और मुख्य गेट समेत पांच स्थानों को सील कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button