उत्तराखण्ड

श्मशान घाट पर हुई जयमाला, मरचूला में डेस्टिनेशन वेडिंग का वीडियो वायरल

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के मरचूला क्षेत्र में एक डेस्टिनेशन वेडिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे इलाके में दो नदियों के संगम पर स्थित पुराने श्मशान घाट में शादी की रस्में निभाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है।

जानकारी के अनुसार, मरचूला में रामगंगा नदी और बदनगढ़ नदी के संगम पर पुराना श्मशान घाट स्थित है, जहां आसपास के गांवों के लोग अंतिम संस्कार करते हैं। घाट के पास एक प्रतीक्षालय भी बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि कुछ पर्यटक डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए कॉर्बेट से सटे क्षेत्र में लोकेशन तलाश रहे थे। इसी दौरान उन्हें दो नदियों के संगम की यह जगह पसंद आ गई। रविवार को घाट पर भव्य सजावट कर जयमाला समेत कुछ विवाह रस्में निभाई गईं।

रिजॉर्ट प्रबंधक राकेश शर्मा के अनुसार, पर्यटकों को पहले ही यह जानकारी दे दी गई थी कि यह स्थान श्मशान घाट है, लेकिन उन्होंने इसकी परवाह नहीं की। शादी का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।

स्थानीय लोगों ने जताई आपत्ति

स्थानीय निवासियों ने इसे धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताया है। उनका कहना है कि जहां अंतिम संस्कार होते हैं, वहां मांगलिक कार्य करना पूरी तरह अनुचित है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने कहा कि धार्मिक परंपराओं के अनुसार नदी किनारे स्थित श्मशान घाट पर शुभ कार्य वर्जित माने जाते हैं।

लोगों ने जंगल और नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र में इस तरह के आयोजन पर भी सवाल उठाए हैं और इसे आस्था के प्रति असंवेदनशीलता बताया है।

प्रशासन ने जांच की बात कही

तहसीलदार सल्ट आबिद अली ने कहा कि शवदाह स्थल सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार का समारोह आयोजित नहीं किया जा सकता। फिलहाल प्रशासन को औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन यदि मामला श्मशान घाट पर शादी कराने से जुड़ा पाया गया तो जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि राज्य सरकार उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेडिंग डेस्टिनेशन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं पर्यटन और सांस्कृतिक संवेदनशीलता को लेकर नए सवाल खड़े कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button