मैं पार्टी का सिपाही हूं’ – फर्जी पत्र विवाद पर बोले अरविंद पांडे, FIR पर दिया गोलमोल जवाब

Uttarakhand- गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे ने अपने नाम से वायरल पत्र को पूरी तरह फर्जी बताया है। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। वायरल पत्र में उत्पीड़न और अनदेखी के आरोप लगाए गए थे, जिस पर विपक्षी दलों ने भाजपा को घेरा था। प्रेसवार्ता में अरविंद पांडे ने कहा कि उनके नाम से जारी पत्र एकदम झूठा है और कही न कही इसमें विपक्ष की चाल हो सकती है। उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि विपक्ष केवल राजनीति कर भाजपा की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहा है। अरविन्द पांडे ने स्पष्ट किया कि पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान मिल रहा है और वे संगठन के साथ मजबूती से खड़े हैं।
3 से 4 दिन बाद क्यों तोड़ी चुप्पी
कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने के बाद जवाब देने में सोमवार तक का समय लगने पर जब सवाल हुआ, तो पांडेय असहज नजर आए। उन्होंने कहा, “जब पत्र ही गलत है तो हर बात का तत्काल जवाब देना जरूरी नहीं है। मैं कोई प्राइवेट लिमिटेड कंपनी या इंडिपेंडेंट नहीं हूं। मैं पार्टी का सिपाही हूं और पार्टी की गाइडलाइन के हिसाब से ही चलता हूं।”
पत्रकारों ने जब पूछा कि क्या दबंग छवि वाले अरविंद पांडेय आज पार्टी के दबाव में आकर सफाई दे रहे हैं। इस पर विधायक ने कहा, “मुझमें जो भी प्रभाव है, वह सब संघ और संगठन का दिया हुआ है। मेरा कोई निजी प्रभाव नहीं है।” जान के खतरे वाले सवाल पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि “जान तो भगवान की दी हुई है।”
कांग्रेस अध्यक्ष मांगें माफी, FIR पर गोलमोल जवाब
पांडेय ने कहा कि जब वह पत्र ही फर्जी है, तो उसमें लिखी गई एक-एक बात और आरोप पूरी तरह से काल्पनिक और गलत हैं। प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि गणेश गोदियाल ने भाजपा और विधायक की छवि धूमिल करने की कोशिश की है, उन्हें सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। फर्जी पत्र को लेकर जब पत्रकारों ने FIR दर्ज कराने का सवाल पूछा, तो विधायक ने सीधा जवाब देने के बजाय कहा कि “जो पार्टी की गाइडलाइन होगी, वही करूंगा।”
चुनाव आते ही शुरू होती हैं ऐसी चीजें
अंत में कांग्रेस जॉइन करने और अन्य सवालों को टालते हुए अरविंद पांडेय ने सिर्फ इतना कहा कि जब चुनाव नजदीक आते हैं, तो ऐसी चीजें और साजिशें अक्सर शुरू हो जाती हैं। उन्होंने खुद को एक बार फिर भाजपा का निष्ठावान सिपाही और स्वयंसेवक बताते हुए प्रेसवार्ता का समापन किया




