हल्द्वानी में करंट की चपेट में आए पिता-पुत्री की मौत, बिजली पोल से करंट उतरने की आशंका

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में करंट लगने से पिता और 12 वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय नदीम सलमानी और उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया घर से सटे विद्युत पोल से करंट उतरने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।
जानकारी के अनुसार, बीती देर शाम नदीम सलमानी घर की छत पर एसी की आउटडोर लाइन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। पिता को करंट लगा देखकर उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा भी उन्हें बचाने के लिए छत पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पिता को बचाने के प्रयास में वह भी करंट की चपेट में आ गई।
हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि विद्युत पोल से करंट उतरने की समस्या को लेकर विभाग से पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती तो शायद हादसा टाला जा सकता था।
हालांकि, विद्युत पोल से करंट उतरने और हादसे के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में भिजवा दिया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि नदीम सलमानी और उनकी बेटी को करंट लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को मोर्चरी भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। मामले की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और स्थानीय लोग सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।




