Crime Newsउत्तराखण्ड

हल्द्वानी में सड़क पर गुंडागर्दी, युवती का पीछा कर छेड़छाड़, विरोध करने पर युवक से मारपीट; दो गिरफ्तार

हल्द्वानी। हल्द्वानी में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शहर में मनचलों ने सरेराह करीब 20 मिनट तक दहशत मचाई, युवती का पीछा किया, छेड़छाड़ की और उसे घर छोड़ने जा रहे युवक के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता, जो रामपुर रोड क्षेत्र की निवासी है, ने बताया कि 16 मार्च की रात वह राजपुरा में अपनी सहेली के जन्मदिन समारोह में गई थी। रात करीब 10 बजे सहेली का भाई उसे बाइक से घर छोड़ने के लिए निकला। जैसे ही वे रोडवेज स्टेशन के पास स्टेडियम वाली गली में पहुंचे, बुलेट सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि दोनों युवक सायरन बजाते हुए बाइक के पीछे-पीछे चलने लगे और जेल चौराहे के पास उनकी बाइक के आगे अपनी बुलेट अड़ा दी। इसके बाद उन्होंने बाइक चला रहे युवक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही युवती के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता की गई।

पीड़िता के अनुसार आरोपी यहीं नहीं रुके। उन्होंने रामपुर रोड स्थित समता आश्रम गली तक उनका पीछा किया। इस दौरान पीड़ित पक्ष कई बार हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचा। बाद में किसी तरह उन्होंने एक कार को ओवरटेक कर किनारे रुककर अपनी जान बचाई और आसपास के लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।

शहर कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी अजय फर्त्याल निवासी फतेहपुर और अजय थापा निवासी बड़ी मुखानी, पीलीकोठी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि एक आरोपी बाजपुर के एक स्कूल में कार्यरत है।

वहीं, नैनीताल के एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़कों पर इस तरह की अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button