गढ़वाल के लिए खुशखबरी: ट्रेन सेवा होगी शुरू, लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग पर वाहनों को हरी झंडी

पौड़ी: गढ़वाल क्षेत्र के लिए सोमवार का दिन दोहरी खुशखबरी लेकर आया। गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्रवासियों को दो महत्वपूर्ण सौगातों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा शुरू होगी, जबकि लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन का रास्ता भी साफ हो गया है।
सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है। प्रारंभिक चरण में यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसके संचालन को सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी के रूप में प्रसिद्ध रामनगर उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। नई रेल सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी, वहीं देशभर से आने वाले पर्यटक कॉर्बेट नेशनल पार्क सहित उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
सांसद ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है।
इसके अलावा सांसद ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर व्यावसायिक वाहनों के संचालन को लेकर बनी असमंजस की स्थिति को समाप्त कर दिया है। इसके बाद इस मार्ग पर सवारी वाहन, सरकारी बसें, जीएमओयू (GMOU) बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर तथा भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन की अनुमति मिल गई है।
उन्होंने कहा कि इस फैसले से हजारों लोगों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही वर्षों से चली आ रही परिवहन संबंधी समस्याओं का समाधान होगा। सांसद के अनुसार, हाल ही में धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद ये दोनों फैसले गढ़वाल के विकास, पर्यटन, व्यापार और जनसुविधाओं को नई गति देने वाले साबित होंगे।




