Crime Newsउत्तराखण्डदेहरादून

पीएम दौरे के दौरान संविधान लेकर जा रहे कांग्रेस नेता लक्की राणा सहित कई कार्यकर्ता हिरासत में

देहरादून। राजधानी देहरादून में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान राजनीतिक माहौल गरमा गया। कांग्रेस के प्रदेश सचिव लक्की राणा समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता उत्तराखंड की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। विशेष बात यह रही कि लक्की राणा हाथ में भारतीय संविधान लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने ओएनजीसी चौक से पहले ही उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया। यह घटना उस दिन हुई जब देशभर में भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई जा रही थी और उनके द्वारा निर्मित संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को याद किया जा रहा था।

ज्ञापन में प्रदेश की प्रमुख समस्याएं उठाई गई थीं, जिनमें कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, नशे का बढ़ता जाल, पुलिस कर्मियों की 4600 ग्रेड पे की मांग, बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और शिक्षा व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दे शामिल थे।

बताया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे थे, लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया और लक्की राणा सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कैंट कोतवाली ले जाया गया। हिरासत के दौरान लक्की राणा ने आरोप लगाया कि कैंट कोतवाली में पानी मांगने पर एक पुलिसकर्मी द्वारा उनके साथ अभद्र और अमर्यादित व्यवहार किया गया।

लक्की राणा ने कहा, “जिस संविधान को मैं हाथ में लेकर चल रहा था, वही हमें सम्मानपूर्वक जीवन जीने और गरिमा का अधिकार देता है। अगर एक जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार होता है, तो आम जनता के साथ क्या होता होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।” उन्होंने इसे संविधान में निहित मूल अधिकारों का उल्लंघन बताया।

उन्होंने कहा, “मैं संविधान लेकर निकला था ताकि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख सकूं, लेकिन मुझे रास्ते में ही रोककर गिरफ्तार कर लिया गया। यह लोकतंत्र की आत्मा के खिलाफ है।”

हिरासत में लिए गए अन्य कार्यकर्ताओं में महानगर महामंत्री अरुण बलूनी, पूर्व पार्षद प्रत्याशी देवकी बिष्ट, विजय प्रसाद भट्टाराई, पिया थापा, रौनक, चंद्रमोहन रावत, गौरव, सौरव और आदिल शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button