उत्तराखण्ड

बारिश को लेकर देहरादून प्रशासन अलर्ट, स्कूल बंद रखने के साथ डीएम ने दिए सावधानी बरतने के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बदल रहे मौसम और बारिश के अलर्ट को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी ने 18 अगस्त को जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। आदेश सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों पर लागू रहेगा।

मौसम विज्ञान विभाग के उत्तराखंड के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 23 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई क्षेत्रों में बारिश के साथ गरज-चमक की भी आशंका जताई गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है।

उत्तराखंड में इन दिनों मानसून सक्रिय है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि भूस्खलन की घटनाओं से सड़क मार्ग भी प्रभावित हो रहे हैं। कई जगह यात्रियों और वाहन चालकों को रास्ते खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने और बिजली के उपकरणों को जरूरत न होने पर स्विच ऑफ रखने की सलाह दी गई है।

बारिश के दौरान नालियों और गटर को साफ रखने, जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने और निचले क्षेत्रों, नदी-नालों व पुलों के आसपास नहीं जाने की अपील की गई है। वाहन चालकों को पानी भरी सड़कों पर वाहन न चलाने और बारिश के दौरान धीमी गति से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों को बिजली के तारों, खंभों और टूटे पेड़ों से दूर रहने तथा जरूरत पड़ने पर छतरी या रेनकोट साथ रखने की भी अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button