देहरादून में गर्मी का कहर, पारा 40 डिग्री पार; मौसम विभाग ने जारी किया लू का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बुधवार को शहर के मोहकमपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है। वहीं पंतनगर में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून का तापमान 41 डिग्री या उससे अधिक पहुंचने की संभावना जताते हुए लू चलने की चेतावनी जारी की है।
कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और उत्तरकाशी के सीमावर्ती इलाकों में लू चलने की आशंका जताई है। विभाग के अनुसार वर्तमान तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक चल रहा है, जिससे मैदानी इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पहाड़ों में भी बढ़ा तापमान
गर्मी का असर अब पर्वतीय जिलों में भी साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और नई टिहरी में 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली के कुछ इलाकों में बेहद हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
भीषण गर्मी को देखते हुए देहरादून प्रशासन ने आपदा परिचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में ओआरएस, आईवी फ्लूड्स और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
सात दिन तक राहत नहीं
मौसम विभाग के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून में अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। गुरुवार को तापमान 41 डिग्री, शुक्रवार और शनिवार को 40 डिग्री तथा 24 और 25 मई को फिर से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। 26 मई को भी तापमान करीब 40 डिग्री रहने का अनुमान है।




