उत्तराखण्ड

देहरादून में दिनदहाड़े तीन हत्याओं से हड़कंप, लूट के विरोध पर वारदात का आरोप

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े घर में घुसे आरोपी ने लूट के विरोध पर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी पर पेचकस से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसियों ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय नौकरानी शीला मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपी घर में दाखिल हुआ और रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। विरोध करने पर आरोपी ने पेचकस से उन पर कई वार कर दिए।

रजनी कपूर की चीख-पुकार सुनकर नौकरानी शीला मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने बुजुर्ग रमेश कपूर को भी निशाना बनाया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। रमेश कपूर ऑर्डिनेंस फैक्टरी से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं।

चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पड़ोसी भारती भंडारी समेत अन्य लोगों को आता देख आरोपी भागने लगा। आरोप है कि उसने पेचकस दिखाकर लोगों को डराने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई थी, लेकिन करीब 10 मिनट इंतजार के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी अपने वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस लूट की वारदात के अलावा हत्या के पीछे किसी अन्य वजह की भी जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button