टिहरी में तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित, बिलौंदी पुल बाजार में दुकानों में घुसा पानी; मंत्री और विधायक घंटों फंसे

टिहरी/धनोल्टी: शुक्रवार दोपहर बाद मौसम के अचानक बदले मिजाज ने जौनपुर ब्लॉक के धनोल्टी तहसील क्षेत्र में भारी परेशानी खड़ी कर दी। तेज बारिश के कारण नौघर गांव के पास बिलौंदी पुल बाजार में बरसाती पानी और मलबा दुकानों में घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा।
दुकान में घुसा पानी, लाखों का नुकसान
बिलौंदी पुल बाजार में कुलवीर सिंह नकचवाल की दुकान और कमरों में अचानक पानी घुस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश का पानी मलबे के साथ तेज बहाव में आया और सीधे दुकान में भर गया। इससे दुकान में रखा सामान खराब हो गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे राजस्व उपनिरीक्षक अब्बुज चौधरी ने बताया कि 15 मई को शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच क्षेत्र में अत्यधिक बारिश हुई। बरसाती पानी के साथ आया मलबा बाजार की लगभग 10 दुकानों में भी घुसा, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान हुआ है।
स्टेट हाईवे अवरुद्ध, जेसीबी से हटाया गया मलबा
तेज बारिश के चलते नगुण-भवान-देहरादून स्टेट हाईवे पर भी पानी और मलबा जमा हो गया, जिससे मार्ग काफी देर तक अवरुद्ध रहा। प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर यातायात सुचारू कराया।
इस दौरान अगलाड़ नदी का जलस्तर भी बढ़ गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया।
मंत्री और विधायक भी फंसे
बिलौंदी पुल पर सड़क पर भारी मलबा भरने के कारण वहां से गुजर रहे कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार भी घंटों तक फंसे रहे। बताया गया कि मंत्री चौधरी उत्तरकाशी दौरे से देहरादून लौट रहे थे, तभी रास्ता अवरुद्ध हो गया।
प्रशासन ने किया नुकसान का आकलन
राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित व्यापारियों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है और नियमानुसार सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
तेज बारिश के चलते क्षेत्र में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोग प्रशासन से नालों की सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं।




