उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री धामी ने नवचयनित कार्मिकों को लिखा डिजिटल पत्र, निष्पक्ष सेवा का दिया संदेश

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से पत्र भेजकर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में युवाओं की मेहनत और प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने उन्हें दूसरी बार “मुख्य सेवक” का दायित्व सौंपा। जनादेश की भावना के अनुरूप सरकार ने कार्यभार ग्रहण करते ही बेरोजगारी की समस्या को कम करने के लिए सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया।

चार साल में 30 हजार से अधिक नियुक्तियां

मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार ने पिछले चार वर्षों में लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को राजकीय सेवक के रूप में नियुक्ति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और योग्य युवाओं को अवसर देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

नकल विरोधी कानून और पारदर्शी चयन प्रक्रिया

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर चयनित हो रहे हैं। उन्होंने राज्य में लागू सख्त नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे निष्पक्ष और ईमानदार चयन सुनिश्चित हुआ है, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिल सका है।

ईमानदारी और जनसेवा का आह्वान

मुख्यमंत्री ने नवचयनित कार्मिकों से अपील की कि वे निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि एक राजकीय सेवक के रूप में उनकी जिम्मेदारी केवल प्रशासनिक कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवीय मूल्यों के साथ आमजन की सेवा करना भी उनका कर्तव्य है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुछ चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत भी की और उन्हें उत्साहपूर्वक जनसेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button