उत्तराखण्ड

देहरादून पहुंचे बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, 2027 चुनाव रणनीति पर मंथन शुरू

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंच चुके हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अपने दौरे के दौरान वह सरकार और संगठन दोनों के कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे।

 

भाजपा कार्यालय में भव्य स्वागत

 

देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊं और आतिशबाजी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम भी मौजूद रहे।

 

इसके अलावा सांसद तीरथ सिंह रावत, अनिल बलूनी, त्रिवेंद्र सिंह रावत, कल्पना सैनी, नरेश बंसल, माला राज्यलक्ष्मी शाह समेत कई वरिष्ठ नेता भाजपा कार्यालय पहुंचे। कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, भारत चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने भी नितिन नवीन से मुलाकात की।

 

दो अहम बैठकों से शुरुआत

 

देहरादून पहुंचने के बाद नितिन नवीन भाजपा संगठन के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सरकार और संगठन के बीच समन्वय को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। पहले दिन दो महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें आगामी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा होगी।

 

2027 विधानसभा चुनाव पर रहेगा फोकस

 

29 मई को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसी दिन सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ भी अलग-अलग बैठकें होंगी।

 

बैठकों में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, विपक्ष की गतिविधियों और जनता के बीच सरकार की छवि पर चर्चा की जाएगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा इस बार केवल बड़े चुनावी वादों या जनसभाओं पर निर्भर नहीं रहना चाहती, बल्कि संगठनात्मक मजबूती, लाभार्थियों से सीधा संपर्क और बूथ स्तर पर प्रभावी कार्यक्रमों पर फोकस किया जा रहा है।

 

प्रबुद्ध गोष्ठी और बूथ स्तर तक संवाद

 

बैठकों के बाद नितिन नवीन शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में हिस्सा लेंगे। दौरे के तीसरे दिन वह बूथ समिति, मंडल कार्यकारिणी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे।

 

इसके अलावा प्रदेश के दायित्वधारियों के साथ भी चर्चा कर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश देंगे। भाजपा संगठन इस दौरे को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआत के रूप में देख रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button