ऋषिकेश में बड़ा हादसा, गंगा में स्नान के दौरान मेरठ के दो पर्यटक बहे

ऋषिकेश: थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र के अंतर्गत सिंगटाली झूला पुल के पास गंगा नदी में स्नान के दौरान मेरठ से आए दो पर्यटक तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार मेरठ से छह लोगों का एक समूह घूमने के लिए ऋषिकेश पहुंचा था। सभी लोग सिंगटाली बाजार में अपनी कार पार्क करने के बाद झूला पुल पार कर गंगा नदी में स्नान करने चले गए। इसी दौरान स्नान करते समय एक महिला और एक पुरुष का संतुलन बिगड़ गया और दोनों तेज बहाव में बह गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और एसडीआरएफ को दी। इसके बाद एसडीआरएफ ढालवाला और ब्यासी की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि टीम के डीप डाइवर नदी की गहराइयों में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं, लेकिन फिलहाल दोनों लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
डूबने वालों की पहचान ऋतु (30) पत्नी वांशिक माहेश्वरी निवासी मेरठ और नरेश उपाध्याय (42) निवासी जागेठी गांव, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग मेरठ स्थित दास हुंडई शोरूम में कार्यरत हैं और छुट्टी के दौरान ऋषिकेश घूमने आए थे।
घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।



