एंजेल चकमा हत्याकांड: मुख्य आरोपी पर ब्लू कॉर्नर नोटिस अटका, सीबीआई ने मांगी विस्तृत जानकारी

देहरादून: उत्तराखंड के बहुचर्चित एंजेल चकमा हत्याकांड में मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी की तलाश को लेकर शुरू की गई ब्लू कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया फिलहाल अटक गई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इस मामले में तीन महत्वपूर्ण आपत्तियां दर्ज करते हुए पुलिस से विस्तृत जानकारी मांगी है।
सीबीआई ने मांगा 1600 शब्दों का विवरण
सीबीआई ने आरोपी की व्यक्तिगत आपराधिक भूमिका को लेकर करीब 1600 शब्दों का विस्तृत विवरण मांगा है। इसके अलावा घटना के समय, आरोपी की भूमिका, मंशा और प्राथमिकी से जुड़ी अन्य अहम जानकारियां भी तलब की गई हैं।
क्या है पूरा मामला
9 दिसंबर 2025 को सेलाक्वी क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एंजेल चकमा और उनके भाई माइकल चकमा पर हमला किया गया था। इस हमले में एंजेल को गर्दन के पास गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 26 दिसंबर को उनकी मौत हो गई।
मुख्य आरोपी नेपाल फरार
घटना के बाद पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था, जिसे बाद में हत्या की धाराओं में बदल दिया गया। पुलिस ने दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल कर दी है, लेकिन मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी पुलिस को चकमा देकर नेपाल फरार हो गया।
तीन महीने बाद भी गिरफ्तारी नहीं
घटना के करीब तीन महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक मुख्य आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है। ब्लू कॉर्नर नोटिस के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है, लेकिन सीबीआई की आपत्तियों के चलते प्रक्रिया में देरी हो रही है।
इंटरपोल प्रक्रिया में लग सकता है समय
पुलिस अब सीबीआई द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब तैयार कर रही है, ताकि मामले को इंटरपोल के माध्यम से आगे बढ़ाया जा सके। साथ ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस का क्या कहना है
सीओ प्रेमनगर विवेक कुटियाल के अनुसार, जल्द ही सभी आवश्यक जानकारी तैयार कर भारतपोल पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आरोपी की तलाश तेज की जा सकेगी।




