तिब्बती मार्केट मर्डर: दो शूटर मुठभेड़ में गिरफ्तार
गैस एजेंसी संचालक अर्जुन की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता

देहरादून।
राजधानी में तिब्बती मार्केट के सामने हुए चर्चित अर्जुन हत्याकांड में दून पुलिस को तड़के सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ में हत्याकांड के मुख्य शूटर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है।
हत्याकांड के बाद शहर से लेकर देहात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। सभी थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान संचालित किया गया।
रायपुर में जंगल के भीतर मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, नाकेबंदी के दौरान रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया। बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी पलटवार किया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए कोरोनेशन (कॉरपोरेशन) चिकित्सालय भेजा गया।
लालतप्पर चौकी पर भी फायरिंग
दूसरी कार्रवाई लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार बदमाश को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागकर पास की एक खंडहर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। इस मुठभेड़ में भी आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।
पूछताछ में कबूली हत्या
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए अर्जुन हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब पूरे मामले में अन्य संभावित आरोपियों और साजिश से जुड़े पहलुओं की जांच में जुट गई है।
फिलहाल दोनों बदमाशों का चिकित्सालय में उपचार चल रहा है ।




