उत्तराखंड में बिजली संकट पर काबू, 500 मेगावाट अतिरिक्त बिजली की आपूर्ति शुरू

उत्तराखंड। प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच पैदा हुए बिजली संकट के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) को मीडियम टर्म टेंडर के तहत खरीदी गई 500 मेगावाट बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई है। इससे प्रदेश में बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
मार्च माह में तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग तेजी से बढ़ी है, जिससे मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बिगड़ने लगा था। यूपीसीएल के ताजा आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई है। महीने की शुरुआत में जहां उत्पादन 90 लाख यूनिट था, वह 15 मार्च तक घटकर 59 लाख यूनिट रह गया।
उत्पादन में कमी से बढ़ी चिंता
उत्पादन में करीब 35 प्रतिशत की गिरावट ने ऊर्जा निगम की चिंता बढ़ा दी थी। इस कमी को पूरा करने के लिए यूपीसीएल को खुले बाजार से महंगी दरों पर बिजली खरीदनी पड़ रही थी।
500 मेगावाट बिजली की आपूर्ति शुरू
इसी बीच राहत की बात यह है कि यूपीसीएल ने मीडियम टर्म टेंडर के माध्यम से जो 500 मेगावाट बिजली खरीदी थी, उसकी सप्लाई अब शुरू हो गई है। इससे रोजाना अतिरिक्त बिजली उपलब्ध होगी और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
केंद्र से भी मिलेगी अतिरिक्त बिजली
राज्य सरकार की ओर से केंद्र से अतिरिक्त बिजली की मांग पर भी सहमति बन गई है। इसके तहत अप्रैल महीने में 100 मेगावाट और मई में 300 मेगावाट अतिरिक्त बिजली केंद्र के गैर-आवंटित कोटे से मिलने लगेगी।
बढ़ती मांग बनी चुनौती
गौरतलब है कि पिछले वर्ष प्रदेश में बिजली की मांग छह करोड़ यूनिट प्रतिदिन से अधिक पहुंच गई थी। ऐसे में इस साल गर्मी के मौसम में मांग और बढ़ने की संभावना है, जिसे देखते हुए ऊर्जा विभाग पहले से ही अतिरिक्त व्यवस्था करने में जुटा है।




