उत्तराखण्ड

देहरादून में सड़क हादसे में BTech छात्रा की मौत, बहन के साथ पैदल लौटते वक्त ट्रैक्टर ने रौंदा

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। क्लेमनटाउन क्षेत्र के चार खंबा चौक के पास तेज रफ्तार और बेकाबू मिक्सर ट्रैक्टर ने पैदल जा रही 18 वर्षीय BTech छात्रा को कुचल दिया। हादसा छात्रा की बड़ी बहन के सामने हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मृतका की पहचान वैष्णवी रावत (18) पुत्री प्रदीप सिंह रावत के रूप में हुई है। वह मूल रूप से दिल्ली के शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास की रहने वाली थी और देहरादून स्थित ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में BTech प्रथम वर्ष की छात्रा थी।

 

बहन के साथ पैदल कमरे की ओर जा रही थी छात्रा

 

थानाध्यक्ष मोहन सिंह के अनुसार, घटना रात करीब 8:45 बजे की है। वैष्णवी अपनी बड़ी बहन कृतिका रावत के साथ पैदल कमरे की ओर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से आए यूपी नंबर के मिक्सर ट्रैक्टर ने छात्रा को अपनी चपेट में ले लिया।

 

हादसा इतना गंभीर था कि वैष्णवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

 

आरोपी चालक हिरासत में, ट्रैक्टर जब्त

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मिक्सर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी गई है।

 

पुलिस के अनुसार, पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई सोमवार को की जाएगी। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

18 वर्षीय छात्रा की सड़क हादसे में मौत से उसके परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button