देहरादून में छात्र गुटबाजी का खूनी संघर्ष, दबदबे के लिए चले लाठी-डंडे, एक छात्र की मौत

देहरादून । प्रेमनगर थाना क्षेत्र के केहरी गांव में सोमवार रात दो छात्र गुटों के बीच पुरानी रंजिश और दबदबे को लेकर हुई झड़प में एक छात्र की मौत हो गई। यह विवाद पहले कहासुनी से शुरू हुआ और देखते ही देखते लाठी-डंडों की हिंसक भिड़ंत में बदल गया।
पीड़ित छात्र की पहचान
गंभीर रूप से घायल छात्र की पहचान 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) का निवासी था और प्रेमनगर में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर दून अस्पताल रेफर किया गया। देर रात इलाज के दौरान दिव्यांशु ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने किए तीन आरोपियों की गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया:
युवराज कुमार (बीबीए छात्र, भोजपुर, बिहार)
मधुर (बीटेक छात्र, रुद्रपुर)
शिवम शर्मा (बीटेक छात्र, पटना, बिहार)
अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
मामले ने छात्र गुटबाजी और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग इस हिंसक घटना के बाद दहशत और आक्रोश में हैं।
पुलिस का बयान
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। गंभीर घायल छात्र की मौत के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।




