नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन के आरोप, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। जनपद के डोईवाला थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसी परिवार पर आरोप
जानकारी के अनुसार, नाबालिग अपनी मां और भाई के साथ किराए के मकान में रहती है। पड़ोस में रहने वाले एक परिवार से दोनों पक्षों के बीच पहले अच्छे संबंध थे और एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था। आरोप है कि इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपियों ने किशोरी को प्रभावित करना शुरू कर दिया।
मां की गैरमौजूदगी में संपर्क
शिकायत में बताया गया है कि मां की गैरमौजूदगी में आरोपी युवक घर आता था और नाबालिग से मुलाकात करता था। इस दौरान वह उसे अपने प्रेमजाल में फंसाने के साथ-साथ एक विशेष धर्म से जुड़े पहनावे, भाषा और तौर-तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करता था। धीरे-धीरे किशोरी पर इसका प्रभाव पड़ने लगा।
धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने का आरोप
पीड़िता की मां का आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर उसकी बेटी को बहलाया-फुसलाया और उसे धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया। उन्होंने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राणा के अनुसार, शिकायत के आधार पर 21 मार्च की शाम मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 की धारा 3 और 5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच जारी
मामले की जांच उपनिरीक्षक भावना को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




