देहरादून समेत उत्तराखंड में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश-बर्फबारी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी

उत्तराखंड मौसम। उत्तराखंड में गुरुवार को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। खासतौर पर 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने के आसार हैं, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक से दो दिनों के भीतर राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
देहरादून में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और देर शाम हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। गुरुवार को भी आसमान बादलों से घिरा रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं। दून में अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।




