कोटद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

कोटद्वार। कोटद्वार में कांग्रेस की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं और जनसभा को संबोधित किया।
“भाजपा जुमलेबाजी में विश्वास रखती है”
कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार काम करने के बजाय जुमलेबाजी में यकीन रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा और उत्तराखंड में अपराध, भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकारें विफल रही हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अब केवल संघर्ष नहीं, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार लाने का समय है।
विचारधारा की लड़ाई: गणेश गोड्डयाल
सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोड्डयाल ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई भाजपा के साथ विचार और विचारधारा की है। उन्होंने कहा कि दो कार्यकाल में जनता भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है और इस बार जनता करारा जवाब देगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।




