उत्तराखण्डक्राइम

देहरादून में चेकिंग के दौरान पुलिस पर कार चढ़ाने का आरोप, चार छात्र गिरफ्तार

देहरादून। जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसलों के बीच विकासनगर के डाकपत्थर इलाके में पुलिस चेकिंग के दौरान बड़ा मामला सामने आया है। देर रात वाहन रोकने से नाराज छात्रों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी पर कार चढ़ा दी। घटना में एक सिपाही और एक स्थानीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कार सवार चार छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी छात्र अस्पताल में भर्ती है। पांचों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।

कोतवाल राजीव रौथाण के अनुसार मंगलवार देर रात ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली विकासनगर की संयुक्त टीम डाकपत्थर तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरबर्टपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हरियाणा नंबर की काले रंग की कार को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि चालक वाहन रोकने के बजाय तेज गति से डाकपत्थर पुल नंबर एक की ओर भाग निकला।

पीछा करने पर धनवंतरी चौक के पास रुकी कार

संदेह होने पर उपनिरीक्षक नौशाद अंसारी, कांस्टेबल लोकेन्द्र पंवार और कांस्टेबल राजेंद्र बर्तवाल ने कार का पीछा किया। डाकपत्थर रोड स्थित धनवंतरी चौक के पास कार रुकती दिखाई दी। पुलिसकर्मी जैसे ही पूछताछ के लिए आगे बढ़े, आरोप है कि कार सवार छात्रों ने गाली-गलौज करते हुए वाहन को तेज गति से पीछे कर पुलिसकर्मियों की ओर बढ़ा दिया।

इस घटना में कांस्टेबल लोकेन्द्र पंवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी विपिन भी कार की चपेट में आकर घायल हो गया। कांस्टेबल राजेंद्र बर्तवाल बाल-बाल बच गए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और दोबारा वाहन रोकने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल सिपाही को बेहतर इलाज के लिए देहरादून रेफर किया गया।

बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई कार

घटना के बाद आरोपी देहरादून की ओर भाग निकले और पुलिस से बचने के लिए गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल किया। बाद में बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

दुर्घटना में चालक गौरव चौधरी पुत्र सुधीर चौधरी निवासी नई कॉलोनी, निकट गोगामाड़ी मंदिर डाकपत्थर घायल मिला, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वाहन में सवार एक अन्य युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि तीन अन्य साथी रास्ते में उतरकर फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button