पीएम मोदी के दौरे से पहले देहरादून में आतंकी साजिश का खुलासा, पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क के लिए रेकी कर रहा युवक गिरफ्तार

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे से ठीक पहले राजधानी में आतंकी गतिविधियों से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत प्रेमनगर क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे आकाओं को सैन्य और सरकारी प्रतिष्ठानों की लोकेशन व वीडियो भेज रहा था।
झाझरा निवासी विक्रांत कश्यप गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपित की पहचान विक्रांत कश्यप (29), निवासी झाझरा, प्रेमनगर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से अवैध .32 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, आरोपित के संपर्क पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा से पाए गए हैं।
इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप से संपर्क
जांच में सामने आया है कि आरोपित इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए अपने हैंडलर्स के संपर्क में था। उनके निर्देश पर वह शहर के संवेदनशील स्थानों की रेकी कर वीडियो और लोकेशन साझा कर रहा था।
उसने आईएसबीटी और पुलिस मुख्यालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की फुटेज पाकिस्तान भेजी।
दीवारों पर लिखवाया ‘तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान’
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपित को “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान” के नाम से शहर की दीवारों पर स्प्रे पेंट कर दहशत फैलाने के निर्देश दिए गए थे। उसने कई स्थानों पर पेंटिंग कर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी अपने हैंडलर्स को भेजी।
दुबई भेजने और पैसों का लालच
एसटीएफ के अनुसार, आरोपित को नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और बदले में धनराशि देने का लालच दिया गया था। मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर जांच तेज कर दी गई है।
आरोपित के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मोदी दौरे को लेकर सुरक्षा और कड़ी
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए देहरादून में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। संवेदनशील स्थलों, मार्गों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास पुलिस, खुफिया इकाइयों और केंद्रीय एजेंसियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पुराने इनपुट भी खंगाल रही हैं। शहर के प्रवेश मार्गों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख सरकारी परिसरों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि समय रहते की गई यह कार्रवाई संभावित खतरे को टालने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।




